राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता खिलाड़ी
अर्जुनी। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में रायपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), अर्जुनी के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर विद्यालय सहित बलौदाबाजार जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
धारणी और नेहा ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा धारणी साहू और नेहा निषाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, सुमन ध्रुव और सतीश वर्मा ने रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिली सफलता के बाद अब खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है, जहां वे अपने प्रदर्शन से प्रदेश को गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगे।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शाला विकास समिति की अध्यक्ष चित्ररेखा साहू, विद्यालय के प्राचार्य अवधेश कुमार वर्मा, व्यायाम एवं खेल शिक्षिका यास्मीन अफरोज, समिति सदस्य गंगा प्रसाद यदु और चिंतामणि साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।







