तूफान के असर से भाटापारा में 24 घंटे में 26.7 मिमी बारिश, धान कटाई प्रभावित

भाटापारा।बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे चक्रवाती तूफानों का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। इसके चलते जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार जिले की सभी तहसीलों में औसतन 23.01 मिमी बारिश हुई। सबसे अधिक 38 मिमी बारिश टुण्डरा तहसील में दर्ज की गई, जबकि भाटापारा में 26.7 मिमी बारिश हुई।

आंकड़ों के अनुसार सिमगा में 22.8 मिमी, बलौदाबाजार में 22 मिमी, पलारी में 15.5 मिमी, कसडोल में 16 मिमी, लवन में 22.5 मिमी, सुहेला में 26 मिमी और सोनाखान में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी भरने और नमी बढ़ने के कारण धान की कटाई प्रभावित होने लगी है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम में इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती गतिविधियों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। अक्टूबर और नवंबर का महीना बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने के लिहाज से संवेदनशील रहता है। इस बार कम अंतराल में तीन चक्रवात बनने से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1987 में 14 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 8 नवंबर को तीन चक्रवाती तूफान बने थे। इसके करीब 39 साल बाद वर्ष 2026 में भी अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के तीसरे सप्ताह के बीच अर्नब, मुरासु और अकवान नाम के तीन चक्रवात सामने आए। लगातार बने इन चक्रवातों का प्रभाव पूर्वी तट के मौसम पर पड़ा और इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला। इसी के चलते जिले में बारिश का दौर जारी है और खेती-किसानी के काम प्रभावित हो रहे हैं।

Hot Topics

Related Articles