बलौदाबाजार। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने एक अनूठी पहल की है। जिले में देश की पहली ‘उड़ान दिव्यांग मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सोसाइटी’ का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में समिति के लोगो का विमोचन किया।
इस सहकारी समिति की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका संचालन और प्रबंधन पूरी तरह दिव्यांगजन स्वयं करेंगे। वे केवल समिति के सदस्य ही नहीं, बल्कि इसके मालिक और संचालक भी होंगे। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल ने शुरुआत में ही बेहतर परिणाम दिए हैं। समिति ने काम शुरू करने के पहले महीने में दिवाली गिफ्ट और कॉर्पोरेट गिफ्ट हैम्पर की बिक्री से करीब 15 लाख रुपये का कारोबार किया है।
- उत्पादन से लेकर बिक्री तक संभालेंगे जिम्मेदारी
इस पहल के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को भी समिति से जोड़ा जाएगा। सदस्य सामूहिक रूप से विभिन्न प्रकार के व्यवसाय संचालित करेंगे। उत्पाद तैयार करने से लेकर उनके प्रबंधन, मार्केटिंग और बिक्री तक की जिम्मेदारी स्वयं संभालेंगे। इससे दिव्यांगजनों को न केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि वे दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकेंगे।
- कई तरह के कारोबार शुरू करने की तैयारी
‘उड़ान’ समिति के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसमें सीमेंट संयंत्रों में इस्तेमाल हो चुके फिल्टर बैग के कपड़े से बैग और अन्य उपयोगी सामान तैयार करना शामिल है। इसके अलावा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर प्लांट, स्थानीय कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग का काम भी किया जाएगा।
समिति के अंतर्गत उड़ान कैफे, कॉमन सर्विस सेंटर, स्टेशनरी, प्रिंटिंग और पैकेजिंग जैसे व्यवसाय भी संचालित किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी विभागों, संस्थानों और कंपनियों के लिए गिफ्ट हैम्पर, मोमेंटो, टी-शर्ट, कैप और प्रचार सामग्री तैयार कर उनकी आपूर्ति की जाएगी। इन सभी गतिविधियों में समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
- पहले महीने में ही 15 लाख रुपये की बिक्री
समिति ने अपने कारोबार की शुरुआत दिवाली गिफ्ट और कॉर्पोरेट गिफ्ट हैम्पर तैयार करने और बेचने से की। शुरुआती महीने में ही करीब 15 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। इस उपलब्धि से समिति के सदस्यों का उत्साह बढ़ा है और भविष्य में कारोबार को और विस्तार देने की उम्मीद जगी है।
लोगो विमोचन कार्यक्रम के दौरान समिति की अध्यक्ष राधा निषाद और मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. मयूर गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को समिति के सदस्यों द्वारा तैयार उत्पादों से बना विशेष गिफ्ट हैम्पर भेंट किया।
- दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मान के साथ आजीविका कमाने का अवसर देना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस सहकारी मॉडल में दिव्यांगजन स्वयं निर्णय लेने, व्यवसाय चलाने और अपनी आय बढ़ाने में सक्षम होंगे। जिला प्रशासन का लक्ष्य इस मॉडल को सफल बनाकर प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने का है।












