राजधानी और दुरंतो भी प्रभावित, बिना स्पष्ट सूचना यात्रियों को करना पड़ा घंटों इंतजार
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर और दुर्ग स्टेशन से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और लोकल ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। रायपुर से नागपुर और बिलासपुर दोनों रेल मार्गों पर कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चलीं। दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले परिवारों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
अचानक और लंबी देरी के कारण रेलवे स्टेशनों के प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेनों की देरी को लेकर उन्हें स्पष्ट और समय पर जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके कारण उन्हें घंटों प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा। बिलासपुर रूट पर एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ मेमू का परिचालन भी प्रभावित रहा।
मेमू और इंटरसिटी ट्रेनें भी लेट
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू (68861) निर्धारित सुबह 9.20 बजे के बजाय 11.07 बजे रवाना हुई। वहीं डोंगरगढ़-बिलासपुर मेमू (68706) भी एक घंटे से अधिक देरी से चली। शिवनाथ एक्सप्रेस (18240) सुबह 5.05 बजे के बजाय 6.51 बजे रवाना हुई। बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12856) दोपहर 12.18 बजे के निर्धारित समय की जगह 1.04 बजे स्टेशन से रवाना हो सकी।
बिलासपुर रूट पर 10 घंटे तक देरी
रायपुर-बिलासपुर रेल मार्ग पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ मेमू ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) सबसे अधिक देरी से चली। ट्रेन को दोपहर 2.40 बजे रवाना होना था, लेकिन यह रात 12.59 बजे करीब 10 घंटे की देरी से रवाना हुई।
इसी तरह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) सुबह 8.35 बजे के बजाय शाम 5.11 बजे रवाना हुई। इस ट्रेन को भी आठ घंटे से अधिक की देरी का सामना करना पड़ा।
नागपुर रूट पर भी बिगड़ा परिचालन
रायपुर से नागपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। पोरबंदर कवि गुरु एक्सप्रेस (12950) सुबह 11 बजे के बजाय रात 7.07 बजे पहुंची। ट्रेन करीब आठ घंटे देरी से पहुंची।
मुंबई एलटीटी कर्मभूमि एक्सप्रेस (22512) रात 2.55 बजे के बजाय सुबह 10.15 बजे पहुंची। एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22815) भी सुबह 9.55 बजे के निर्धारित समय की जगह शाम 5.42 बजे पहुंची। दोनों ट्रेनें करीब सात घंटे देरी से पहुंचीं।
राजधानी और दुरंतो भी प्रभावित
लेटलतीफी से प्रमुख ट्रेनों का शेड्यूल भी बिगड़ गया। मुंबई सीएसएमटी एसी दुरंतो एक्सप्रेस (12262) और नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12441) का परिचालन भी निर्धारित समय के अनुसार नहीं हो सका।
इसके अलावा अहमदाबाद सुपरफास्ट (12834), आजाद हिंद एक्सप्रेस (12130), हावड़ा-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस (12810), ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12102) और मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (18030) भी देरी से रायपुर पहुंचीं।
कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित
ओखा सुपरफास्ट (22940), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) और मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट (12880) भी निर्धारित समय से पीछे रहीं। गीतांजलि एक्सप्रेस (12860) चक्रधरपुर स्टेशन पर करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। इसका निर्धारित समय शाम 6.03 बजे था, जबकि ट्रेन 7.59 बजे पहुंची। सूरत वीकली सुपरफास्ट (22827) भी सुबह 9.40 बजे के बजाय 11.03 बजे पहुंची।
लगातार हो रही लेटलतीफी से यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों का कहना है कि लंबी देरी होने की स्थिति में रेलवे को प्लेटफार्म पर समय रहते स्पष्ट सूचना देनी चाहिए, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बना सकें।






