संदीप यादव मुंगेली छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के चचेरे भाई समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मेहमानी में आया था गंगाराम –
हादसे में अधीन मोहले सहित गांव के ही बल्लू बघेल और गंगाराम की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि गंगाराम भाटापारा के पास रहुंटा का रहने वाला था। वह अपने रिश्तेदार के यहां दशरंगपुर में मेहमानी में आया था।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा – प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले (अधीन दास मोहले) अपने अन्य साथियों के साथ गुरुवार सुबह नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक (टहलने) के लिए निकले थे। दशरंगपुर में मुख्य मार्ग पर घर से कुछ ही दूरी पर खड़े होकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर से मुंगेली की ओर जा रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने रॉन्ग साइड में आकर अपनी चपेट में ले लिया और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर घायल बल्लू और गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अधीन मोहले की उपचार के दौरान अस्पताल में सांसें थम गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत –
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची, मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।






