दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार:शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता ने दी जान; सुसाइड नोट और परिजनों के बयान पर हुई कार्रवाई

बलौदाबाजार (सिमगा),शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या बलौदाबाजार में शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

पुलिस के मुताबिक, प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की थी। यह मामला सिमगा थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

मामला कर्मचारी कॉलोनी का है। यहां किराए के मकान में रहने वाली 24 वर्षीय सतरूपा देवांगन ने 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे आत्महत्या कर ली थी। उसकी शादी 25 अप्रैल 2026 को राजनांदगांव जिले के ग्राम मोहड़ निवासी 28 वर्षीय पवन कुमार देवांगन से हुई थी।

मौत के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला। इसके बाद सतरूपा के पिता और भाई के बयान दर्ज किए गए।

पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पति की भूमिका प्रथम दृष्टया सामने आने की बात कही। पवन कुमार देवांगन के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम बयान के आधार पर शादी का कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने 14 नवंबर को पवन कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

Hot Topics

Related Articles