बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 26 लोगों पर दर्ज होगी FIR

10 टीमों ने 119 बिजली कनेक्शनों की जांच की, 26 जगह मीटर की जगह सीधे बिजली का उपयोग करते मिले उपभोक्ता

भाटापारा।बिजली चोरी और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को भाटापारा शहर में विद्युत विभाग की 10 टीमों ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 119 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 26 कनेक्शनों में मीटर के बजाय सीधे बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने इन सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर ली है।

यह अभियान मुख्य अभियंता रायपुर ग्रामीण क्षेत्र ए.के. लखेरा के निर्देश पर चलाया गया। जांच के दौरान विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की पड़ताल की गई, जिनके बिजली बिल बकाया होने के कारण ऑनलाइन माध्यम से पहले ही कनेक्शन विच्छेदित किए जा चुके थे। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता मीटर से छेड़छाड़ कर अथवा सर्विस तार में सीधे कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग करते पाए गए।

विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत होगी कार्रवाई

विद्युत विभाग के अनुसार जांच में 26 कनेक्शन ऐसे मिले, जिनमें बिना मीटर के सीधे बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इन सभी मामलों में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी। संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही प्रकरण विशेष न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता जी.पी. अनंत ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बिजली चोरी और अनियमित विद्युत कनेक्शनों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। किसी भी उपभोक्ता के यहां बिजली के अवैध उपयोग या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

बिजली बिल समय पर जमा करने की अपील

भाटापारा संभाग के कार्यपालन अभियंता वी.के. राठिया ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल का नियमित और समय पर भुगतान करें। बकाया बिल के कारण कनेक्शन कटने की स्थिति में दोबारा अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने से बचें और विभागीय प्रक्रिया के अनुसार ही कनेक्शन बहाल कराएं।

वहीं शहर के सहायक अभियंता वासुदेव साहू ने स्पष्ट किया कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करने की अपील की।

इस अभियान में बलौदाबाजार और भाटापारा संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Hot Topics

Related Articles