- केरपे और करकेली में आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों को दी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
- खेती में फसल परिवर्तन, उन्नत कृषि तकनीक और रोजगारमूलक गतिविधियों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने ग्रामीणों को किया प्रेरित
- बस्तर फाइटर में भर्ती के लिए युवाओं को किया प्रोत्साहित, आधार पंजीयन और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने पर दिया जोर
बीजापुर, 13 नवंबर 2026/ जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं से सीधे रूबरू होने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार जनचौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्राम केरपे एवं करकेली में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास, रोजगार, आजीविका संवर्धन एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
*फसल परिवर्तन और उन्नत कृषि पद्धतियों से आय बढ़ाने पर कलेक्टर ने दिया जोर*
जनचौपाल के दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों को कृषि के महत्व से अवगत कराते हुए परंपरागत खेती के साथ आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को एक ही भूमि पर लगातार एक जैसी फसल लेने के बजाय फसल चक्र अपनाकर अलग-अलग फसलों की खेती करने की सलाह दी। साथ ही नारियल एवं पाम प्रजाति के पौधों के रोपण सहित स्थानीय जलवायु एवं भूमि की अनुकूलता के अनुसार उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
कलेक्टर ने किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन के महत्व एवं इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, श्रम कार्ड तथा वीबी-जी राम जी सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए पात्र हितग्राहियों को इनका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ग्रामीणों को कृषि के साथ अन्य आजीविकामूलक गतिविधियों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
*बस्तर फाइटर में भर्ती होकर युवा बनें क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के सहभागी – पुलिस अधीक्षक*
पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने जनचौपाल में उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें बस्तर फाइटर के पदों एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को भर्ती के अवसरों का लाभ उठाने तथा आवश्यक पात्रता के अनुसार आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान ग्राम केरपे में थाना खोलने के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने गांव एवं जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
*बस्तर मुन्ने अभियान के तहत प्रत्येक पात्र ग्रामीण तक पहुंचे योजनाओं का लाभ – जिला पंचायत सीईओ*
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्रामीणों को बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने एवं आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए वीबी-जी राम जी के अंतर्गत तालाब गहरीकरण, खेल मैदान समतलीकरण सहित अन्य रोजगारमूलक एवं सामुदायिक विकास कार्यों की संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
ग्राम करकेली में आयोजित जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों को धान खरीदी केंद्र के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर किसानों को शासन की धान खरीदी व्यवस्था एवं कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जनचौपाल के माध्यम से जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने, कृषि एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा गांवों के समग्र विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
*सुदूर गांवों तक प्रशासन की पहुंच से मजबूत हो रहा ग्रामीणों का विश्वास*
जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में आयोजित जनचौपाल ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। वरिष्ठ अधिकारियों की गांवों तक पहुंच से ग्रामीणों को अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने के साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
ग्राम केरपे में आयोजित जनचौपाल के दौरान एसडीएम श्री भूपेंद्र गावरे, तहसीलदार, जनपद पंचायत भोपालपटनम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीओपी कुटरू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार ग्राम करकेली में आयोजित जनचौपाल में एसडीएम श्री अमिय श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री सूर्यकांत घरात, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक तम्बोली, एसडीओपी फरसेगढ़ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की यह पहल सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।












