- रोजगार सहायकों और कृषि मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण, राजस्व संबंधी छोटे कार्यों में आम लोगों की परेशानी कम करने का प्रयास
घनश्याम साव,डोंगरगांव।।छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पटवारी जिला मुख्यालय राजनांदगांव में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। डोंगरगांव तहसील क्षेत्र के पटवारी भी तहसील अध्यक्ष बाबूलाल देवांगन के नेतृत्व में आंदोलन में शामिल हुए।*
पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व संबंधी कार्यों के प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों सहित आम नागरिकों को नामांतरण, सीमांकन, फसल प्रविष्टि और भूमि अभिलेखों से जुड़े कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पटवारी संघ अपनी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहा है।
प्रशासन ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी..
इधर, हड़ताल के दौरान आम नागरिकों को होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए डोंगरगांव में प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू की हैं। एसडीएम अनिकेत साहू के निर्देश पर तहसीलदार कमल किशोर साहू के नेतृत्व में 14 अक्टूबर को जनपद पंचायत के सभागृह में क्षेत्र के रोजगार सहायकों एवं कृषि मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य राजस्व से संबंधित छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक भटकना न पड़े, इसके लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इस दौरान एसडीएम अनिकेत साहू ने संबंधितों को आवश्यक सावधानी बरतने तथा सौंपे गए कार्यों को जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से यह तैयारी हड़ताल के दौरान आम लोगों की दिक्कतें कम करने की दिशा में की जा रही है। वहीं, पटवारियों की मांगों और आंदोलन के समाधान को लेकर आगे होने वाली कार्रवाई पर भी लोगों की नजर रहेगी।






