घनश्याम साव,डोंगरगांव।दुर्ग स्थित खालसा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित उत्कृष्ट प्रधान पाठक सम्मान समारोह में संकुल केंद्र तुमड़ीबोड़, विकासखंड डोंगरगांव, के दो प्रधान पाठकों को सम्मानित किया गया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में डोमन लाल सिन्हा, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला नाथूनवागांव को प्राथमिक स्तर पर तथा जीवन लाल साहू, प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पेंडरवानी को माध्यमिक स्तर पर उत्कृष्ट प्रधान पाठक सम्मान प्राप्त हुआ।
दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि से संकुल केंद्र तुमड़ीबोड़ सहित पूरे शिक्षा परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है। यह सम्मान शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, नेतृत्व क्षमता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का सम्मान है।
शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। उनके समर्पित प्रयास न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देते हैं, बल्कि विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दोनों प्रधान पाठकों को प्राप्त यह सम्मान अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सम्मान समारोह में शाला परिवार की ओर से नरेंद्र कुमार साहू, सहायक शिक्षक एवं वीणा सोनी की गरिमामयी सहभागिता रही। साथ ही संकुल समन्वयक धनसाय सलामे भी समारोह में सम्मिलित हुए।उनकी उपस्थिति ने इस गौरवपूर्ण अवसर को और भी विशेष बनाया।
दोनों प्रधान पाठकों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, संकुल के शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देते रहेंगे।
दोनों प्रधान पाठकों की यह उपलब्धि संकुल केंद्र तुमड़ीबोड़, विकासखंड डोंगरगांव , के लिए गौरव का विषय है।






