धमतरी राइस मिल चाकूबाजी मामले में घायल महिला की मौत, आरोपी पर बढ़ेगी धारा

धमतरी ।जिले के कुरुद स्थित बालाजी राइस मिल में 2 अक्टूबर को हुई चाकूबाजी की वारदात में गंभीर रूप से घायल महिला अनीता मंडावी ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने के बाद अब इस मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने जा रही है।

विवाद और घटना की वजह

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका अनीता मंडावी और आरोपी दुलेश्वर टंडन के बीच पहले से जान-पहचान और प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन मोबाइल रिचार्ज कराने और अनीता द्वारा किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत करने के शक में दोनों के बीच गहरा विवाद हुआ। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी दुलेश्वर ने तैश में आकर अनीता पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई

वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी दुलेश्वर टंडन को तत्काल गिरफ्तार कर लिया था और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। महिला की मौत से पहले पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अब अनीता की मौत हो जाने के बाद पुलिस केस में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई पूरी करेगी।

Hot Topics

Related Articles