पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने का आरोप, चौकी प्रभारी समेत दो लाइन अटैच

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जनप्रतिनिधियों से कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने हल्बा चौकी प्रभारी दीपा केंवट और एएसआई चेतन साहू को लाइन अटैच कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए नदी से रेत निकालने के मामले में पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने के करीब 24 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।

पीएम आवास के लिए रेत निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण से जुड़ा हुआ है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग पीएम आवास के निर्माण के लिए नदी से रेत निकाल रहे थे। इसी दौरान हल्बा चौकी पुलिस की ओर से इस मामले में कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि कार्रवाई की बात कहकर जनप्रतिनिधियों से कथित रूप से पैसों की मांग की गई। इस मामले में जनपद सदस्य ने हल्बा चौकी प्रभारी दीपा केंवट और एएसआई चेतन साहू पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मियों के व्यवहार और कथित पैसे की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताई और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

 

 

Hot Topics

Related Articles