बलौदाबाजार पुलिस का बड़ा एक्शन, विशेष अभियान में 104 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

2014 और 2019 से फरार आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में, कई जिलों में दी गई दबिश; हत्या के प्रयास, मारपीट और धोखाधड़ी समेत गंभीर मामलों के आरोपी पकड़े गए।

बलौदाबाजार। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में 23 सितंबर 2026 से जारी इस अभियान के तहत अब तक कुल 104 स्थायी वारंटों की तामील की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में वर्ष 2014 और 2019 से फरार चल रहे वारंटी भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति अपनाते हुए दिन-रात निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कई वारंटी दिन के समय छिपकर रहते थे और देर रात अपने घर लौटते थे। ऐसे आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस टीमों ने तड़के उनके ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार किया।

कई जिलों में पुलिस की छापेमारी

फरार वारंटियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई केवल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले तक सीमित नहीं रही। पुलिस टीमों ने रायपुर, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और बेमेतरा सहित विभिन्न जिलों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके लिए अंतरजिला समन्वय और सटीक सूचना तंत्र का सहारा लिया गया।

गंभीर अपराधों के आरोपी भी गिरफ्तार

अभियान के दौरान हत्या के प्रयास, घातक चोट पहुंचाने, मारपीट, अवैध शराब तस्करी और चेक बाउंस जैसे मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने पुराने और लंबित स्थायी वारंटों की तामील को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्रवाई की।

थाना एवं चौकीवार कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार स्थायी वारंटों की तामील का विवरण इस प्रकार है—

– सिटी कोतवाली – 20

– भाटापारा ग्रामीण – 19

– सिमगा – 17

– भाटापारा शहर – 13

– पलारी – 10

– लवन – 08

– कसडोल – 05

– करहीबाजार चौकी – 04

– सहेला – 02

– गिधौरी – 02

– गिधपुरी – 02

– हथबंद – 01

– राजादेवरी – 01

कुल 104 स्थायी वारंटों की तामील की गई।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल ‘दृष्टि’ हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Hot Topics

Related Articles