भाटापारा। पोरा त्यौहार के पावन अवसर पर कृषि मंडी के सामने पूर्व पार्षद प्रदीप शर्मा एवं उनके साथियों द्वारा गेंड़ी दौड़ एवं बैल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए और प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराएं, संस्कृति और ग्रामीण जीवन हमारी पहचान हैं। पोरा त्यौहार कृषि संस्कृति, पशुधन के प्रति सम्मान और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से हमारी संस्कृति और लोक विरासत को जीवंत बनाए रखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि गेंड़ी दौड़ एवं बैल दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति की जीवंतता को दर्शाती है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों तथा आयोजन समिति को पोरा तिहार की शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक खेलों और प्रतियोगिताओं ने पोरा त्यौहार के उत्सव में विशेष रंग भर दिया। 

पोरा त्यौहार पर गेंड़ी दौड़ एवं बैल दौड़ प्रतियोगिता








