बलौदाबाजार भाटापारा /लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति कथित अविश्वास का माहौल बनाने और देश में अराजकता फैलाने के प्रयासों के विरोध में बुधवार को जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के मुख्यालय में भाजपा द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। अटल चौक से प्रारंभ हुई इस पदयात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राजनीतिक स्वार्थों को प्राथमिकता दी है और जनहित की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बार-बार संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर सवाल उठाकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। जनता कांग्रेस की विफलताओं, अराजकता और नकारात्मक राजनीति से भलीभांति परिचित है तथा लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाली कांग्रेस आज स्वयं को लोकतंत्र की तथाकथित पहरेदार बताने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा, जिलाध्यक्ष आनंद यादव, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता योगेश चंद्राकर, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पदयात्रा से पूर्व अटल चौक पर सभा आयोजित की गई। इसके बाद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के विरोध का संदेश दिया।









