प्रशांत सिंह रघुवंशी इंडियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष निर्वाचित, जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार ने दी बधाई

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के सहसचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कैनोइंग एंड कायकिंग एसोसिएशन के सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। नई दिल्ली में आयोजित इंडियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन (IKCA) की वार्षिक आमसभा में उन्हें एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया है।

इस उपलब्धि के साथ ही प्रशांत सिंह रघुवंशी छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे खेल प्रशासक बन गए हैं, जिन्हें इंडियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर निर्वाचित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। वे पूर्व में कई अंतरराष्ट्रीय कायकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप में खेल प्रशासक के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि कायकिंग एवं कैनोइंग ओलंपिक खेलों में शामिल एक महत्वपूर्ण खेल है। इस खेल में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को सर्वाधिक पदक दिलाने में अहम योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में राष्ट्रीय कैनोइंग एवं कायकिंग चैंपियनशिप तथा खेलो इंडिया अस्मिता लीग जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं मेजबानी दिलाने में भी प्रशांत सिंह रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उनके इस निर्वाचन से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार के पदाधिकारी आदित्य सिंह, अनुपम अग्रवाल, धीरज वाजपेयी, वर्षा मिरी, वंदना तिवारी, राजकुमार मल, आशीष सिंह ठाकुर, गौतम, शैलेश सिंह सहित विभिन्न जिला खेल संघों के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सभी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशांत सिंह रघुवंशी के नेतृत्व एवं अनुभव से राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के खेलों को नई पहचान मिलेगी तथा कायकिंग एवं कैनोइंग के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Hot Topics

Related Articles