जियाउल खान ,सरगुजा
लखनपुर, सरगुजा।अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम एवं विधानसभा सम्मेलन का आयोजन लखनपुर में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, भाजपा के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता तथा पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देना और मतदाता सूची का वितरण करना था। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा अन्य आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस दौरान मंडल अध्यक्षों एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची वितरित की गई, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें।
कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ मुहिम पर मंत्री का पलटवार
कांग्रेस द्वारा चलाई जा रही ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ मुहिम को लेकर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया से किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं काटा गया है। यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पूर्व में भी कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया होती रही है।
मंत्री ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में मृत एवं अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम ही हटाए गए हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने बूथ स्तर पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया।












