बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों से किया जागरूक, नालसा मेगा ड्राइव का सचिव ने लिया जायजा”

रायपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय एवं माननीय सचिव महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रायपुर के मार्गदर्शन में दिनांक 24 नवंबर 2026 को *माननीय श्री अविनाश कुमार दुबे, सचिव/वरिष्ठ न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर* ग्राम खुड़सा पहुंचकर शिविर एवं संचालित मेगा ड्राइव (फेस -1 पार्ट -II) के तहत विधिक जागरूकता गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम खुड़सा के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से उनके शिक्षा के अधिकार, बाल अधिकार एवं बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त करने का अधिकार है। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण, बाल तस्करी एवं बच्चों के साथ होने वाले भेदभाव जैसी समस्याओं के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से समझाया गया।

शिविर में बच्चों एवं ग्रामीणजनों को प्रमुख रूप से निम्नलिखित योजनाओं एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई—

*1. शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 (RTE) – 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार।*

*2. पॉक्सो अधिनियम, 2012 – बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने संबंधी कानूनी प्रावधान।*

*3. बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम – बच्चों को श्रम एवं शोषण से बचाने संबंधी जानकारी।*

*4. बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 – बाल विवाह रोकने तथा बच्चों के भविष्य और अधिकारों की सुरक्षा।*

*5. निःशुल्क विधिक सहायता – पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सलाह, अधिवक्ता एवं न्यायिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया।*

*6. नालसा की बच्चों से संबंधित विधिक सेवाएं – जरूरतमंद एवं असहाय बच्चों को कानूनी सहायता, संरक्षण एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने की जानकारी।*

इसके अतिरिक्त आम नागरिकों को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, नालसा की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणजनों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति तथा कानून के अंतर्गत पात्र अन्य लोग निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा आम नागरिकों को कानूनी रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र के रूप में उपस्थित रहे—

– श्री कमलेश कश्यप

– श्री कोमल निषाद

– श्री नेहरू टंडन

– श्री विक्रम सोनी

– सुप्रभात हलधर

Hot Topics

Related Articles