बिलासपुर:- लिंक रोड में रहने वाले बुजुर्ग को मस्तूरी में ले जाकर सीए और उसके सहयोगी ने वसीयतनामा तैयार करा लिया। इस दौरान बुजुर्ग गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। इसकी जानकारी होने पर स्वजन ने दस्तावेज के साथ मस्तूरी थाने में शिकायत की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित सीए को पकड़ लिया। कुछ देर थाने में रखने के बाद मस्तूरी पुलिस ने आरोपित को छोड़ दिया। अब कहा जा रहा है कि मामले में जांच पूरी नहीं हुई है। इसके कारण आरोपित को छोड़ा गया है।
लिंक रोड में रहने वाली 70 वर्षीय वृद्धा कृष्णा दुआ ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बृजमोहन दुआ के नाम पर अमेरी, चोरभट्टी, तोरवा, फदहाखार और लिंक रोड पर जमीन है। सीए अनिल टुटेजा और उसकी सहयोगी जरहाभाठा में रहने वाली दुर्गेश नंदनी उन्हें अप्रैल 2022 में मस्तूरी स्थित उप पंजीयक कार्यालय लेकर गए। इस दौरान बृजमोहन दुआ गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे।
इसका फायदा उठाकर सीए और उसकी सहयोगी ने वसीयतनामा तैयार करा लिया। बृजमोहन दुआ की मृत्यू के बाद उनकी जमीन हथियाने की कोशिश की। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने विभागीय स्तर पर कृष्णा दुआ ने आपत्ति की। साथ ही दस्तावेज जुटाकर पूरे मामले की शिकायत मस्तूरी थाने में की।
शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, षणयंत्र और कूटरचना समेत गंभीर धाराओं में जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया। जांच के दौरान पुलिस ने सीए अंचल जुनेजा को पकड़ लिया। थाने में पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि जांच पूरी नहीं होने के कारण आरोपित को छोड़ा गया है।








