रमेश सलाम,कोण्डागांव। बयानार क्षेत्र के ग्राम बयानार से कोण्डागांव को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। पुलिया के समीप सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूट-फूट के साथ दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग पर कोरोहबेड़ा से कोकोड़ी तक सड़क की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। बारिश के दौरान सड़क की हालत और बिगड़ जाती है। इससे ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों, किसानों और वाहन चालकों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद सदस्य दशरू नेताम, बयानार क्षेत्र क्रमांक 09, का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से देखी जा रही है और इसकी तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए स्थल निरीक्षण कर सड़क एवं पुलिया की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
बयानार क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग है कि बारिश के मौसम में बढ़ रही परेशानी को देखते हुए सड़क और पुलिया की समस्या का जल्द समाधान किया जाए।








