कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर:- बाइक का इंजन बंद था और वाहन मालिक उसे पैदल धक्का लगाकर बाजार जा रहा था। इसके बावजूद आइटीएमएस से बाइक का गलत दिशा में वाहन चलाने के आरोप में दो हजार रुपये का ई-चालान कट गया।
अब वाहन मालिक ने एएसपी (यातायात) को आवेदन देकर चालान निरस्त करने की मांग की है। नेहरू नगर निवासी निशांत कुमार सिन्हा के नाम रजिस्टर्ड बाइक के खिलाफ तीन अक्टूबर को ई-चालान जारी किया गया। इसमें गलत दिशा में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निशांत ने यातायात एएसपी को दिए आवेदन में बताया कि घटना के समय मोटरसाइकिल का इंजन बंद था। वह बाइक को पैदल धक्का लगाकर बाजार में समोसा लेने जा रहा था।
उनका कहना है कि बाइक चलित अवस्था में नहीं थी, इसलिए गलत दिशा में वाहन चलाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने चालान को त्रुटिवश जारी किया गया बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। साथ ही स्वयं को जिम्मेदार नागरिक बताते हुए यातायात नियमों का पालन करने की बात कही है।








