संदीप यादव सरगांव/मुंगेली। नगर पंचायत सरगांव के बाजार मार्ग में शुक्रवार सुबह एक बड़ी घटना होते-होते बच गई। यहां लगे पुराने पीपल के पेड़ की एक मोटी डाल अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी और सीधे बिजली के तारों पर जा पड़ी। टकराव इतना तेज था कि तार टूट गए और आसपास के इलाके की लाइट चली गई।
बताया जा रहा है कि जिस जगह ये डाल गिरी, वहां कुछ ही देर बाद साप्ताहिक बाजार लगना था। बाजार के दिन यहां काफी भीड़ रहती है। अगर ये घटना बाजार लगने के दौरान होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। शुक्र है कि सुबह का समय होने से वहां भीड़ नहीं थी और एक बड़ा खतरा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि डाल गिरने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बिजली विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद कुछ घंटों तक सप्लाई बाधित रही। लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इस घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में लगे पुराने पेड़ों की समय पर कटाई-छंटाई क्यों नहीं होती। लोगों की मांग है कि नगर पंचायत और बिजली विभाग मिलकर पेड़ों की छंटाई और तारों की सुरक्षा की नियमित जांच करे, ताकि आगे ऐसी घटना दोबारा न हो।








