राजनांदगांव। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपए नकद सहित कुल करीब 10.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जेल में हुई पुरानी पहचान के बाद चोरी की साजिश रची थी। मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं।सूने मकान को बनाया था निशाना घटना 11 सितंबर 2026 की है। आर्शीवाद कॉलोनी कौरिनभाठा निवासी कुल प्रकाश वालदे अपने ड्यूटी पर गए हुए थे। इस दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। आरोपी घर के अंदर दाखिल हुआ और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठी, टॉप्स, नथ, चैन, लॉकेट, झुमके, चूड़ी, बाली और हार सहित चांदी के पायल शामिल थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(3), 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
50 से ज्यादा CCTV खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और साइबर डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शहर में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया गया।जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान आदतन चोर विक्की वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 20 सितंबर को हरियाणा से हिरासत में लिया। पूछताछ में विक्की वर्मा ने बताया कि वर्ष 2025-26 में वह चोरी के मामले में केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था। उसी दौरान उसकी मुलाकात चोरी के मामले में बंद रहिमन टीकमदास से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई। आरोपी रहिमन आर्शीवाद कॉलोनी में प्रार्थी के मकान के ऊपर किराए से रहता था। उसे घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों और दोपहर के समय मकान सूना रहने की जानकारी थी।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्की चोरी करने के लिए राजनांदगांव आया था। घटना के दौरान दोनों मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में थे। चोरी के बाद आरोपी ने कुछ सोने के आभूषण हरियाणा के कुरुक्षेत्र के ज्वेलर्स को बेचने की बात स्वीकार की। वहीं बचे हुए सोने को गलाकर करीब 100 ग्राम का डल्ला बना लिया था। पुलिस ने आरोपी विक्की से 100 ग्राम सोने का डल्ला, एक लाख रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया। वहीं आरोपी रहिमन के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए नकद जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्की वर्मा के खिलाफ बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव समेत कई जिलों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी रहिमन के खिलाफ बस्तर जिले में चोरी का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य लोगों व ज्वेलर की भूमिका की जांच कर रही है।








