बलौदाबाजार भाटापारा, 28 नवम्बर 2026। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन और प्रभारी जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपक राय के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने जिले की 10 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरूक किया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत लटुआ, मोहतरा, चांदन, कोसमंदी, खैरताल, परसाभदेर, रवान, झोंका, गिन्दोला एवं छेरकापुर में आयोजित विशेष ग्रामसभाओं में बाल विवाह की रोकथाम तथा कम उम्र में विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विवाह पर कानून की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि कानून के अनुसार विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना कानूनन अपराध है। टीम ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपील की कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी मामले की सूचना तत्काल संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें।
जनभागीदारी से बनेगा बाल विवाह मुक्त गांव
विशेष ग्रामसभाओं में पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वसहायता समूहों, किशोर-किशोरियों तथा स्कूल-कॉलेज के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान ग्रामीणों ने बाल विवाह नहीं करने और न ही अपने आसपास बाल विवाह होने देने की सामूहिक शपथ ली।
अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से प्रत्येक गांव में बाल विवाह के विरुद्ध मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार करना है, ताकि पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सके और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य मिल सके।












