भाटापारा। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष अजय ठाकुर ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मनमानी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों से संपर्क करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अजय ठाकुर के अनुसार, बिजली विभाग के कुछ अधिकारी फोन रिसीव नहीं करते और कई बार मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अधिकारी से समस्या को लेकर संपर्क करने पर अधिकारी ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि वह केवल ग्रामीण क्षेत्र का काम देखते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि अधिकारी आम जनता और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान नहीं करेंगे तो लोग अपनी शिकायत लेकर आखिर कहां जाएं।
उन्होंने बिजली कार्यालय में कार्यरत कुछ लाइनमैनों के व्यवहार पर भी सवाल उठाया। आरोप है कि शिकायत करने या समस्या के समाधान के लिए संपर्क करने पर संबंधित लाइनमैन जनप्रतिनिधियों से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हैं।
अजय ठाकुर ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर कर्मचारियों के व्यवहार और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और आम नागरिकों को परेशान नहीं होना चाहिए।






