बिलासपुर में बारिश के बाद बढ़ीं मुश्किलें, नलों से आने लगा मटमैला पानी, सड़कें धंसीं

बिलासपुर। गुरुवार और शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश भले ही थम गई हो, लेकिन उसका असर अब पूरे बिलासपुर शहर में दिखाई देने लगा है। लगातार हुई बारिश के कारण कई इलाकों में पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अमृत मिशन और निजी बोरवेल के नलों से गंदा और मटमैला पानी आने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं कई स्थानों पर सड़कें धंस गई हैं, जर्जर मकानों में दरारें पड़ गई हैं और बाउंड्री वॉल गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार अब तक शहर में 135 घर बारिश से प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और सभी विभागों को आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।बारिश के बाद बंधवापारा, देवनंदन नगर, गीतांजलि सिटी, विजयपुरम, तिफरा, यदुनंदन नगर और चांटीडीह समेत कई इलाकों में अमृत मिशन की पाइपलाइन से गंदा और मिट्टी मिला पानी सप्लाई हो रहा है। यही स्थिति कई निजी बोरवेल की भी है, जहां पानी पूरी तरह मटमैला हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पानी पीने या भोजन बनाने योग्य नहीं रह गया है। मजबूरी में कई परिवार बाजार से पानी के जार खरीदकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द पेयजल आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है।

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles