जियाउल खान
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज हुए शामिल
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम लखनपुर जनपद कार्यालय सभा कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों को मत्स्य पालन से जोड़कर उनकी आय के साधनों को मजबूत करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, राजेंद्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, राकेश साहू, राकेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विक्रम सिंह, चेतन राजवाड़े, रजनी सिंह, महेश्वर राजवाड़े एवं घरभरन राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुरडेकर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर मछली बीज का वितरण किया गया। उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीणों को मत्स्य पालन को आजीविका के बेहतर साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं, तकनीकी जानकारी और विभागीय सहयोग की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। मछली पालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और मत्स्य पालन को लेकर अपनी रुचि व्यक्त की।














