कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर
बिलासपुर में तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले एक्सिस बैंक के म्यूल खाते से लेनदेन करने वाले विश्वजीत बाली को पकड़ा गया है
तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पर साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खाते के जरिए रकम के लेनदेन का मामला है, जबकि दूसरे पर बैंक में बंधक दुकान को बिना जानकारी दिए बेचने का आरोप है।
एसीसीयू के नोडल आफिसर डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि साइबर पोर्टल पर एक्सिस बैंक के एक संदिग्ध खाते के विरुद्ध कई शिकायतें मिली थीं। जांच में खाता क्रमांक 924020055482571 में ठगी की रकम सहित अन्य राशि जमा होने और यूपीआइ व एटीएम के माध्यम से निकासी की जानकारी सामने आई।
इस मामले में हेमू नगर, तोरवा निवासी विश्वजीत बाली (33) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दूसरे मामले में बैंक आफ इंडिया के अधिकारी की रिपोर्ट पर विद्यानगर निवासी फनीन्द्र मिश्रा उर्फ फणीन्द्र (55) के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया।
आरोप है कि उसने व्यापार विहार शाखा में बंधक वृंदावन काम्प्लेक्स की प्रथम तल स्थित दुकान ए-308 को 11 जुलाई 2022 को बबीता बजाज को 21.11 लाख रुपये में बेच दिया। आरोपित पर बैंक की जानकारी के बिना संपत्ति बेचने, शपथपत्र के जरिए तथ्य छिपाने तथा रजिस्ट्री और नामांतरण कराने का आरोप है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।






