गड़रिया समाज के गौरव बने कृष्णा पाल, माता-पिता सहित जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित
नवापारा (सुहेला)।भारतीय नौसेना में अग्निवीर (SSR) के रूप में कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने गृह ग्राम नवापारा (सुहेला) लौटे गांव के होनहार युवा कृष्णा पाल का ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कृष्णा पाल की सफलता को ग्राम नवापारा सहित समस्त गड़रिया समाज के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
गांव आगमन पर शहीद चौक में आयोजित स्वागत समारोह में वीर जवान कृष्णा पाल का फूल-माला पहनाकर एवं सलामी देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. दौलत राम पाल, सरपंच डोमार सिंह मारकंडे एवं उपसरपंच लोकनाथ वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शॉल एवं फूल-माला भेंटकर सम्मानित किया। वहीं बेटे की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके माता-पिता पुनाराम पाल एवं रेखा पाल को भी सलामी देकर सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात कृष्णा पाल ने गांव भ्रमण किया, जहां ग्रामीणों ने जगह-जगह उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। गांव के बेटे को देशसेवा के लिए समर्पित देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
- मेहनत और लगन से बढ़ाया गांव का मान
कृष्णा पाल ने कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय नौसेना में अग्निवीर (SSR) के रूप में प्रशिक्षण पूर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता ने माता-पिता, परिवार और ग्राम नवापारा (सुहेला) का मान बढ़ाने के साथ-साथ पूरे गड़रिया समाज को गौरवान्वित किया है।
उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कृष्णा पाल ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। देशसेवा के प्रति उनका जज्बा निश्चित रूप से गांव के अन्य युवाओं को भी भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
गांव के वीर सपूत कृष्णा पाल की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर ग्रामीणों एवं समाजजनों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए देशसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।












