रोजगार मेले में 93 युवाओं का प्राथमिक चयन, 8 कंपनियों ने 220 पदों के लिए की भर्ती प्रक्रिया

206 युवाओं ने लिया साक्षात्कार में हिस्सा, चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह के भीतर संस्थानों में उपस्थित होने के निर्देश

बलौदाबाजार, 26नवंबर 2026। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय परिसर बलौदाबाजार में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी संस्थानों के कुल 220 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 206 युवाओं ने साक्षात्कार में भाग लिया। इस दौरान कुल 93 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया।

जिला रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 8 कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए हिस्सा लिया। इसमें विश्व भारती ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड बलौदाबाजार द्वारा सेल्स पद के लिए 23 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 7 का अंतिम चयन किया गया।

इसी प्रकार स्काई ऑटोमोबाइल रायपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद के लिए 35 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें 13 का प्राथमिक चयन हुआ। इनफिनिटी सर्विसेस रायपुर में कलेक्शन ऑफिसर के पद के लिए 15 अभ्यर्थियों में से 3 का अंतिम चयन किया गया। इंडिया हेल्प पॉइंट रायपुर में मार्केटिंग पद के लिए 38 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिसमें 13 का अंतिम चयन हुआ।

वहीं अरोहन फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड रायपुर में कस्टमर सर्विसेस के पद के लिए 31 अभ्यर्थियों में से 7 का अंतिम चयन किया गया। जिन कुशल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड रायपुर में मशीन वर्क, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं हेल्पर के पदों के लिए 39 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 6 का अंतिम चयन हुआ।

एलेक्सर कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड रायपुर में वायरमैन एवं सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए 15 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 1 का अंतिम चयन किया गया। इसी तरह एबिस फूड्स एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड राजनांदगांव में सिक्योरिटी गार्ड के पदों के लिए 10 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।

एक सप्ताह के भीतर संस्थानों में होना होगा उपस्थित

रोजगार मेले में शामिल सभी नियोजकों ने प्राथमिक एवं अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि भर्ती से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी सुश्री मनोरमा भगत सहित कौशल विकास विभाग एवं जिला रोजगार कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले में आयोजित इस रोजगार मेले से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिला। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Hot Topics

Related Articles