संदीप यादव मुंगेली जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पथरिया विकासखंड के लछनपुर में मल्टीपरपस इंडोर हॉल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपये की राशि मंजूर की है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत इस राशि की स्वीकृति दी गई है।
ये पूरा प्रोजेक्ट उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल पर स्वीकृत हुआ है। श्री साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है। जल्द ही लछनपुर में इस अत्याधुनिक इंडोर हॉल का निर्माण शुरू होगा।
खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं –
नवनिर्मित इंडोर हॉल में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट जैसे खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अंचल के खिलाड़ियों को अब अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए सर्वसुविधायुक्त अधोसंरचना मिलेगी। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को संवारने और उन्हें तराशने में मदद मिलेगी, साथ ही वे विभिन्न खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
गुणवत्ता पर विशेष जोर –
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस इंडोर हॉल के बनने से मुंगेली जिले में खेल अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को शहरों की तरह ही सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी।






