महंगाई और बेमौसम बारिश ने फीकी की दीपावली की रौनक, भाटापारा के बाजार में ग्राहकी सुस्त

भाटापारा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार भाटापारा के बाजार में अपेक्षित ग्राहकी देखने को नहीं मिल रही है। शहर में लोगों की आवाजाही तो बनी हुई है, लेकिन दुकानों तक ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। महंगाई और बेमौसम बारिश ने त्योहार की खरीदारी पर असर डाला है।

व्यापारियों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में फूल-माला, लटकन, तोरण एवं पूजा सामग्री सहित अन्य सजावटी सामानों के दामों में लगभग 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। बढ़ती कीमतों के कारण ग्राहक जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी कर रहे हैं और अपने खर्चों में कटौती कर रहे हैं।

बारिश ने भी बिगाड़ा कारोबार का गणित

पिछले दो-तीन दिनों में हुई बेमौसम बारिश का असर भी बाजार की बिक्री पर पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि करवा चौथ के अवसर पर भी अपेक्षित बिक्री नहीं हो पाई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अब दीपावली के त्योहार को लेकर भी व्यापारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

फुटकर दुकानदारों की बढ़ी चिंता

बाजार में सबसे अधिक परेशानी फुटकर दुकानदारों को हो रही है। कई व्यापारियों ने त्योहार को देखते हुए पहले से ही बड़ी मात्रा में सामान खरीदकर दुकान में रख लिया है। ऐसे में यदि समय रहते ग्राहकी नहीं बढ़ी तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। दुकानदारों को उम्मीद है कि वेतन मिलने के बाद बाजार में खरीदारी बढ़ेगी और कारोबार में तेजी आएगी। हालांकि मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने से उनकी चिंता बनी हुई है।

व्यापारियों को ग्राहकी बढ़ने का इंतजार

गणेश सीजनल शॉप के संचालक बिहारी जोशी ने बताया कि महंगाई का असर बाजार में साफ नजर आ रहा है। शहर में लोगों की आवाजाही तो है, लेकिन दुकानों में ग्राहकों की कमी महसूस हो रही है। त्योहार के मद्देनजर व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजार में रौनक लौटेगी और दीपावली की खरीदारी जोर पकड़ेगी।

कुल मिलाकर इस बार महंगाई और मौसम की मार ने दीपावली के बाजार की रफ्तार धीमी कर दी है। अब व्यापारियों की निगाहें त्योहार से पहले आने वाले दिनों पर टिकी हैं।

Hot Topics

Related Articles