मुंगेली जिला जेल का संयुक्त निरीक्षण, बंदियों से जातिगत भेदभाव पर पूछताछ

संदीप यादव, मुंगेली। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार आज जिला जेल मुंगेली का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल लीगल एड क्लिनिक के कार्यों को मजबूत करने के साथ-साथ बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं जातिगत भेदभाव संबंधी शिकायतों का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतीश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने बैरकों में जाकर प्रत्येक बंदी से मुलाकात की और उनके न्यायालयीन प्रकरणों की जानकारी ली। बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल, भोजन कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष तथा जेल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। जातिगत भेदभाव को लेकर भी पूछताछ की गई।

बंदियों को दी जा रही विधिक सहायता और एलएडीसीएस अधिवक्ताओं की पैरवी के बारे में भी जानकारी दी गई। जेल अधीक्षक ममता पटेल ने जेल की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान चीफ एलएडीसीएस टीकम चंद्राकर, असिस्टेंट एलएडीसीएस रतिराम बर्मन, पीएलवी प्रकाश साहू एवं धर्मेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles