जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा ।
पंप का वायर और बल्ब चोरी करने के बाद अब पौधों को बनाया निशाना, बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उठ रहे सवाल; सीएमओ ने एफआईआर दर्ज कराने की कही बात।
नगर पंचायत लखनपुर के खारिखा पखना तालाब स्थित पार्क में असामाजिक तत्वों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाए गए पेड़-पौधों को शरारती तत्वों ने 27 अक्टूबर दिन मंगलवार की रात उखाड़कर फेंक दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले दो से तीन महीनों से पार्क में नशेड़ियों और उपद्रवी तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इनके द्वारा लगातार तोड़फोड़ और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे पार्क की सुंदरता और व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले पार्क में लगे पनडुब्बी पंप के वायर और बल्ब की चोरी कर ली गई थी। अब बीती रात असामाजिक तत्वों ने पार्क में लगे पौधों को उखाड़कर फेंक दिया। इस घटना से पार्क की सुंदरता को नुकसान पहुंचा है। सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की हरकतों से नगरवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय स्तर पर इन घटनाओं को लेकर थाने में बार-बार शिकायत किए जाने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उपद्रवी तत्वों के हौसले बुलंद होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का मानना है कि समय रहते ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में पार्क में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
पार्क की सुंदरता बचाने के लिए कार्रवाई जरूरी
खारिखा पखना तालाब पार्क नगर पंचायत क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। यहां पेड़-पौधे लगाकर परिसर को सुंदर बनाने का प्रयास किया गया है। ऐसे में पौधों को उखाड़कर फेंकना न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है, बल्कि शहर की सुंदरता को भी प्रभावित करता है। नगरवासियों की मांग है कि पुलिस पार्क में उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
सीएमओ ने एफआईआर दर्ज कराने की कही बात
इस मामले में नगर पंचायत लखनपुर के सीएमओ विद्यासागर चौधरी ने कहा कि पार्क में पौधों को नुकसान पहुंचाने और चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने मामले में थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि पुलिस और नगर पंचायत की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, ताकि सार्वजनिक पार्क को असामाजिक तत्वों के उत्पात से बचाया जा सके और इसकी सुंदरता बरकरार रहे।








