अर्जुनी। सुहेला थाना क्षेत्र के ग्राम मोपर में कथित अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। अर्जुनी से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आने की बात ग्रामीणों ने कही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के टावर तालाब सहित चार-पांच स्थानों पर खुलेआम शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री की जानकारी दिए जाने के बावजूद नियमित और प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद कभी-कभार कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद कथित तौर पर फिर से शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। इससे अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बढ़ने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
युवा वर्ग पर असर को लेकर चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दिन-रात आसानी से शराब उपलब्ध होने से विशेषकर युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि अवैध शराब की उपलब्धता के कारण घरेलू विवाद, सामाजिक तनाव और अपराध से जुड़ी घटनाओं की स्थिति भी चिंताजनक हो रही है।
वहीं, बुजुर्ग ग्रामीणों ने बच्चों और युवाओं पर पड़ रहे इसके प्रभाव को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ स्थायी और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
पचायत ने थाना और एसपी कार्यालय में की शिकायत मोपर के सरपंच फत्तेलाल ध्रुव ने बताया कि पंचायत की ओर से अवैध शराब बिक्री को लेकर थाना और एसपी कार्यालय में शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद कार्रवाई भी हुई, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिनों बाद फिर से शराब बिक्री शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद ही शिकायतों की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।








