युवा उड़ान कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा और करियर चयन की दी गई जानकारी, कलेक्टर ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित करने किया प्रेरित
बलौदाबाजार। राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को जिला ऑडिटोरियम में युवा उड़ान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के साथ साइबर सुरक्षा, करियर चयन और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।
देश के विकास में युवाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगानी होगी। उन्होंने युवाओं से नकारात्मक माहौल से दूर रहकर देशहित में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने माता-पिता और परिवार के विश्वास को कभी नहीं तोड़ना चाहिए।
तोमर ने खेल के क्षेत्र में संजू देवी और भुनेश्वरी यादव की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से प्रदेश का नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भरोसा मजबूत करने के लिए पीएससी परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। साथ ही खेल अधोसंरचना और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
पांच साल का लक्ष्य तय कर करें मेहनत
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने युवाओं को आने वाले पांच वर्षों के लिए लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और समय का सदुपयोग जरूरी है। युवाओं को अपने समय का महत्व समझते हुए उसे सकारात्मक कार्यों में लगाना चाहिए।
उन्होंने विपरीत परिस्थितियों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि कठिन समय चुनौतियों के साथ सीखने और आगे बढ़ने के अवसर भी देता है। पेड़ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि तूफान में गिरने वाले पेड़ों के फल धरती पर गिरते हैं, जिनसे नए पौधों का जन्म होता है। इसी तरह कठिन दौर के बाद भी नए अवसर सामने आते हैं। इसलिए युवाओं को निराश होने के बजाय निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
साइबर सुरक्षा और करियर चयन पर मिली जानकारी
कार्यक्रम में उप निरीक्षक प्रणाली वैद्य, स्व. सोनचंद फाउंडेशन के संयोजक पुष्पराज और मिथुन पालीवाल ने युवाओं को साइबर सुरक्षा तथा करियर चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वक्ताओं ने युवाओं को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने, साइबर अपराधों से बचने और भविष्य के लिए सही करियर का चयन करने के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।






