नई दिल्ली । इंटरनेट मीडिया पर एक विवादित वीडियो प्रसारित करने के मामले में प्रसिद्ध यूट्यूबर और लेखक अजीत भारती की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या हैं आरोप?
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बालकराम बौद्ध द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, अजीत भारती ने 22 अगस्त को अपने यूट्यूब चैनल पर “SB79: Reservation Hatao Andolan Nautanki & More | Saptahik Bakaiti” नाम से एक लाइव ब्रॉडकास्ट किया था।शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस वीडियो में:अनुसूचित जाति समुदाय और आरक्षण को लेकर अपमानजनक बातें कहीं गईं।
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ जातिगत और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।वीडियो में परिवार की महिला सदस्यों को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणियां की गईं।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?दिल्ली पुलिस ने 23 अगस्त को मिली शिकायत के आधार पर अजीत भारती के खिलाफ:एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धाराएंआईटी एक्ट (Information Technology Act) की धारा 67भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाना और आपराधिक धमकी) लगाई हैं।पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो की मूल प्रति, यूआरएल लिंक, मेटाडाटा, व्यूज और कमेंट्स समेत सभी डिजिटल रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अजीत भारती को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
- विवाद की असल वजह
यह पूरा विवाद दिल्ली में चल रहे ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ के दौरान शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने कमेंट बॉक्स में अजीत भारती को निशाना बनाते हुए लिखा था कि वह अपनी बहन की शादी सांसद चंद्रशेखर आजाद से करा दें, तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। इसी भड़काऊ कमेंट का जवाब देते हुए अजीत भारती ने वीडियो में पलटवार किया, जिसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।
- अजीत भारती का पक्ष
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अजीत भारती ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा:”कोई मेरी मां-बहन पर सीधे बलात्कारी मानसिकता के साथ अभद्र टिप्पणी करे, तो मैं चुप नहीं बैठ सकता। मैंने किसी भी जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक दबाव में की गई है। अगर दोबारा मेरी मां-बहन पर ऐसी घटिया टिप्पणी होगी, तो मैं फिर इसी तरह का कड़ा जवाब दूंगा।”सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को लेकर बहस छिड़ गई है, जहां एक धड़ा भारती की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, वहीं दूसरा धड़ा इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताकर उनके समर्थन में उतर आया है














