राजनांदगांव की गौशाला पिंजरापोल सेवा, समर्पण और जनसहभागिता का आदर्श केंद्र – विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव 30 जुलाई 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज श्री गौशाला पिंजरापोल राजनांदगांव में नवीन गौछाया परिसर के लोकार्पण तथा चिकित्सा परिसर एवं गौचारा परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने राज्य शासन की ओर से गौशाला के विकास के लिए 75 लाख रूपए की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने की।

इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव तथा राज्य गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री विशेषर सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव को संस्कारधानी इसलिए कहा जाता है जब कोई घटना हो जाती है। उस घटना से एक बड़ा निर्णय निकल कर आता है, जो गौ माता के संवर्धन और संरक्षण के लिए होता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1904 में एक मार्मिक घटना के बाद स्वर्गीय श्री रामलाल चोपड़ा ने गौशाला स्थापना का संकल्प लिया और समाज के सहयोग से इसकी शुरूआत हुई।

आज 122 वर्षों की यह यात्रा जनसेवा, गौसंवर्धन और समाज की सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है। उन्होंने कहा कि गौशाला पिंजरापोल केवल गौशाला नहीं, बल्कि एक पवित्र तीर्थस्थल है, जहां समाज की आस्था और सेवा भावना का अद्भुत संगम दिखाई देता है।

उन्होंने गौशाला के विकास में भूमि, संसाधन एवं आर्थिक सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का उल्लेख करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह गौशाला आज प्रदेश की सबसे सशक्त एवं समृद्ध गौशालाओं में शामिल है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों से गौसेवा में नियमित सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपनी सामथ्र्य के अनुसार गौशाला से जुड़े और गौसंरक्षण के इस पुण्य कार्य में योगदान दें।

कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि इतनी समृद्ध परंपरा और 122 वर्षों के गौरवशाली इतिहास वाली गौशाला बहुत कम देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यहां समाज का जुड़ाव, दानदाताओं की सहभागिता तथा गौसेवा के प्रति लोगों की संवेदनशीलता अनुकरणीय है। उन्होंने गौधाम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य शासन गौसंरक्षण एवं गौसेवा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

मंत्री श्री रामविचार नेताम ने गौशाला में संचालित चिकित्सा सुविधाओं, पशु उपचार, शल्य चिकित्सा तथा प्रस्तावित आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि गौशाला में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजे जाएं, जिन पर शासन स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री श्री नेताम ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को गौशाला में नियमित रूप से पशु चिकित्सकों एवं पशु चिकित्सा सहायक कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गौवंश को समय पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम को अध्यक्ष राज्य गौ सेवा आयोग श्री विशेषर सिंह पटेल, महापौर श्री मधुसूदन यादव ने भी संबोधित किया। अध्यक्ष श्री गौशाला पिंजरापोल श्री खूबचंद पारख ने स्वागत उद्बोधन देते हुए श्री गौशाला पिंजरापोल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में गौशाला के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए अनेक समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग की घोषणा की। अतिथियों ने गौसेवा एवं गौसंरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए इसे समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।

इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्र बैंक मार्यादित के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री संतोष अग्रवाल, श्री एमडी ठाकुर, श्री गौशाला पिंजरापोल समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, दानदाता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Hot Topics

Related Articles