राजनांदगांव। तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी करने तथा महिला से छेड़छाड़ के मामले में बोरतलाव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई 10 हजार रुपये की रकम बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले के आरोपी राधेलाल उइके ने पीड़िता को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ग्राम बैगाटोला स्थित अपने घर बुलाया था। पीड़िता अपने परिचितों के साथ वहां पहुंची, जहां राधेलाल ने ग्राम बरनाराकला निवासी तन्ने खान को बुलाया। आरोप है कि तन्ने खान ने पीड़िता से 10 हजार रुपये लेकर उन्हें दोगुना करने का दावा किया।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि रकम दोगुनी करने के लिए देवी का आना जरूरी है और इसके लिए पीड़िता को उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे। आरोप है कि इस दौरान उसने पीड़िता का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर बोरतलाव पुलिस ने अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 74, 75(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा ठगी की गई 10 हजार रुपये की रकम भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तन्ने खान (60), निवासी बरनाराकला तथा राधेलाल उइके (63), निवासी बैगाटोला, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ के मार्गदर्शन में की गई।







