राम के आदर्शों को तुलसी ने जन-जन तक पहुंचाया’

भाटापारा,गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक इन्द्र साव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक लखन लाल साहू ने की, विशेष अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया एवं जिला पंचायत सदस्य शशि आनंद बंजारे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं संत तुलसीदास गोस्वामी की प्रतिमा पर विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

    ग्राम धोबनी में आयोजित गोस्वामी तुलसीदास जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इन्द्र साव ने संत तुलसीदास गोस्वामी के जीवन, उनके साहित्यिक योगदान एवं समाज के प्रति उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत तुलसीदास ने अपने साहित्य के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। उन्होंने रामचरितमानस के माध्यम से सत्य, मर्यादा, त्याग, सेवा, करुणा, परोपकार और भाईचारे जैसे मानवीय मूल्यों को समाज के सामने रखा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त शिक्षक लखन लाल साहू ने आयोजन की परंपरा के बारे में कहा कि आसपास के लगभग 15 गांवों के लोग सामूहिक रूप से प्रतिवर्ष अलग-अलग गांवों में संत तुलसीदास गोस्वामी की जयंती का आयोजन करते आ रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया ने कहा कि तुलसीदास का सबसे बड़ा योगदान यह रहा कि उन्होंने उस समय की आम भाषा में समाज के हर वर्ग को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, कर्तव्य और मानवता के मूल्यों से जोड़ा। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य शशि आनंद बंजारे ने भी संबोधित किया।

समारोह के दौरान समिति द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को विधायक इन्द्र साव के हाथों सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष साहू द्वारा ग्राम विकास एवं स्कूल की आवश्यकताओं को लेकर रखी गई मांग पर विधायक इन्द्र साव ने स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत सदस्य शशि आनंद बंजारे ने भी ग्राम विकास के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर सुरेश वर्मा, लखन कश्यप, कोमल टंडन, श्याम लाल देवांगन, हीरालाल साहू, भुवन साहू, सत्यजीत शेंडे, मुकेश हेवार, हितेश साहू सहित आसपास के लगभग 15 गांवों से आए श्रद्धालु, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles