रिपोर्टर: जियाउल खान | लखनपुर, सरगुजा
लखनपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर सहकारी बैंक के समीप शाम करीब 4 बजे सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए। हादसे में पिता को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पुत्री को हल्की-फुल्की चोट लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोसंगा निवासी रामसेवक पिता शिवरतन अपनी पुत्री सोनिया के साथ लखनपुर सब्जी बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में रामसेवक के पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, वहीं उनकी पुत्री सोनिया को भी चोट लगी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।












