भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा शहर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को रास्ते में रोककर पहले मारपीट की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में भाटापारा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वयस्क आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
रास्ते में रोककर मांगे शराब के पैसे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे रेलवे माल धक्का के पास की है। प्रार्थी पंकज कुमार सेन रायपुर में काम करने के बाद ट्रेन से भाटापारा लौटा था। इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से धौराभाठा स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रेलवे माल धक्का के पास रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।
युवक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चाकू से उसके सीने, दाहिने बगल, पीठ और घुटने पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो वयस्क आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने पर भाटापारा शहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 341/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में आरोपियों की पतासाजी की गई। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राहुल जांगड़े (18 वर्ष), रंजीत कोसले (19 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है।
एक आरोपी अब भी फरार
इस चाकूबाजी की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
भाटापारा शहर पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









