कबीरधाम।छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सितंबर महीने का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। यह सख्त कदम शासन के नियमों के तहत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न कराने के कारण उठाया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के पूर्व निर्देशानुसार, विभाग के अधीन आने वाले सभी स्कूलों और कार्यालयों में कार्यरत स्टाफ के लिए ऑनलाइन एप के माध्यम से हाजिरी लगाना अनिवार्य किया गया था।जब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 1 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक की ऑनलाइन अटेंडेंस रिपोर्ट की समीक्षा की गई, तो एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। विभाग द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, इन संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति ‘व्ही.एस.के. एप’ (VSK App) में शून्य यानी ’00’ दिन पाई गई। इसका सीधा मतलब यह है कि निर्धारित अवधि में इन कर्मचारियों ने एप पर एक भी दिन अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की थी।नियमों की इस अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, कबीरधाम ने 24 सितंबर 2026 को एक आधिकारिक आदेश जारी कर दिया। इस आदेश के तहत ऑनलाइन एप में जीरो अटेंडेंस दर्शाने वाले सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से उन कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है जो ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को गंभीरता से नहीं ले रहे थे।
शिक्षकों में हड़कंप : ऑनलाइन वीएसके एप पर जीरो अटेंडेंस दिखाने वाले कबीरधाम के शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रुका








