संविधान दिवस पर अंबेडकर चौक में हुआ भव्य आयोजन, बाबा साहब को नमन कर संविधान के प्रति लिया संकल्प

रिपोटर जियाउल खान लखनपुर सरगुजा


  • पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने की सहभागिता, संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश

लखनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर चौक में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया और संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और न्याय का मजबूत आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती दी है।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान भारतीय लोकतंत्र और सामाजिक समानता के इतिहास में अविस्मरणीय है। संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और समाज में समानता, भाईचारा एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी राम सूर्यवंशी, महासभा के जिला अध्यक्ष रघुवीर सूर्यवंशी, सूरज सिंह, विफल लकड़ा, शैलेंद्र सिंह सहित सूर्यवंशी महासभा के सदस्य, बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

Hot Topics

Related Articles