ब्रजेश पांडेय,दंतेवाड़ा: भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार संयुक्त जिला कार्यालय दंतेवाड़ा में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की द्वितीय साप्ताहिक बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने की। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपित करने तथा प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया और उनके समय-सीमा में निराकरण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्ररूप-9, 10, 11, 11A एवं 11B की हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग कर सकें।
*अब तक इतने आवेदन प्राप्त*
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 26 नवंबर 2026 तक SSR-2026 के तहत कुल *479 आवेदन* प्राप्त हो चुके हैं।
– *प्ररूप-6*: नाम जोड़ने हेतु – *128 आवेदन*
– *प्ररूप-7*: नाम विलोपित करने हेतु – *63 आवेदन*
– *प्ररूप-8*: नाम, पता व अन्य प्रविष्टियों में संशोधन हेतु – *288 आवेदन*
*उद्देश्य*
अधिकारियों ने बताया कि SSR-2026 का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है। जिससे जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और त्रुटियों के सुधार में प्रशासन का सहयोग करें।












