सरदार पटेल जयंती एवं कुर्मी वार्षिक अधिवेशन 16 नवंबर को बिलासपुर में, प्रदेशभर के समाजजन होंगे शामिल

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कुर्मी-क्षत्रिय चेतना मंच के तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं कुर्मी वार्षिक अधिवेशन 2026 का आयोजन 16 नवंबर 2026, सोमवार को बिलासपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

वर्ष 1993 से सक्रिय छत्तीसगढ़ कुर्मी-क्षत्रिय चेतना मंच द्वारा प्रतिवर्ष भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाता है। इस वर्ष सरदार पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में यह आयोजन विशेष रूप से किया जा रहा है।

तीन सत्रों में होंगे विविध आयोजन

आयोजन के तहत तीन सत्र निर्धारित किए गए हैं।

प्रथम सत्र – सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक

इस सत्र में कुर्मी ध्वजगान, विचार प्रवाह एवं राष्ट्रीय कुर्मी चेतना पंचांग विमोचन का कार्यक्रम होगा। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन की उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक करेंगे। इस सत्र में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

द्वितीय सत्र – दोपहर 12:30 बजे से 3 बजे तक

इस सत्र में सरदार पटेल जयंती समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान एवं कुर्मी चेतना रत्न सम्मान आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कुर्मी-क्षत्रिय चेतना मंच के प्रदेशाध्यक्ष कुर्मी प्रदीप कुमार कौशिक करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

तृतीय सत्र – दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक

तीसरे सत्र में राजगीत, कुर्मी सामाजिक अधिवेशन एवं विशिष्ट प्रतिभा सम्मान का आयोजन होगा। मुख्य अतिथि सांसद एवं कुर्मी समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय बघेल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक व्यास नारायण कश्यप करेंगे। इस दौरान समाज के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

प्रदेशभर के समाजजनों को आमंत्रण

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। साथ ही सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन की मजबूती, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा समाज के विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ कुर्मी-क्षत्रिय चेतना मंच के प्रदेशाध्यक्ष कुर्मी प्रदीप कुमार कौशिक एवं कार्यक्रम संयोजक कुर्मी सुरेश कौशिक सहित आयोजन समिति ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Hot Topics

Related Articles