सुअरों की मौत पर पशुपालन विभाग का स्पष्टीकरण, स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं; फार्म क्वारंटीन

भाटापारा, 14 सितंबर 2026। भाटापारा के टेहका रोड स्थित समीर ध्रुव के फार्म हाउस में सुअरों के बीमार होने और मौत के मामले में पशुपालन विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, सुअरों की मौत स्वाइन फ्लू से होने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) की आशंका को देखते हुए प्रभावित फार्म को पूरी तरह क्वारंटीन कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में सघन निगरानी की जा रही है।

भोपाल भेजे गए सैंपल, रिपोर्ट का इंतजार

उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को सुअरों के बीमार होने की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सालय भाटापारा के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने उपचार शुरू कर दिया था। इसके बाद 7 सितंबर को बीमार सुअरों के रक्त के नमूने एकत्र कर जिला रोग अन्वेषण प्रयोगशाला भेजे गए।

जिला रोग अन्वेषण प्रयोगशाला और जिला कार्यालय की संयुक्त टीम ने फार्म का दौरा कर आवश्यक जांच की। बीमारी की पुष्टि के लिए सैंपल राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD), भोपाल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।

स्वाइन फ्लू नहीं, अफ्रीकन स्वाइन फीवर की आशंका

विभाग ने स्पष्ट किया कि स्वाइन फ्लू (H1N1) मुख्य रूप से मनुष्यों को प्रभावित करने वाला रोग है। वर्तमान मामले में सुअरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी की अंतिम पुष्टि भोपाल स्थित प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

एक किलोमीटर के दायरे में निगरानी बढ़ाई

पशुपालन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग के अनुसार, अफ्रीकन स्वाइन फीवर जूनोटिक बीमारी नहीं है और सुअरों से मनुष्यों में नहीं फैलती। एहतियात के तौर पर प्रभावित फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी सुअर पालकों की सघन निगरानी की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles