हटरी बाजार में लगातार चोरी से व्यापारी परेशान

चोरों को जल्द पकड़ने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर एक दिन बाजार बंद रखने की चेतावनी

भाटापारा। शहर के व्यावसायिक केंद्र हटरी बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी परेशान हैं। आए दिन दुकानों में चोरी होने से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों ने पार्षद बब्बू मंधान के नेतृत्व में पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

व्यापारियों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को जल्द पकड़ने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो विरोध स्वरूप एक दिन हटरी बाजार बंद रखा जाएगा।

दुकानों के ताले तोड़कर चोरी, व्यापारियों को आर्थिक नुकसान

गौरतलब है कि हाल ही में हटरी बाजार स्थित एक किराना दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 हजार रुपये की चोरी कर ली। वहीं, आलू व्यवसायी की दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। इससे पहले भी बाजार की कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानों की सुरक्षा को लेकर व्यापारी चिंतित हैं और बाजार में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को बाजार क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।

संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस

इस संबंध में शहर थाना प्रभारी भाटापारा ने बताया कि चोरी के मामलों में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पकड़ा गया है। प्रार्थियों से भी घटनाओं के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए और चोरी की वारदातों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। व्यापारियों का कहना है कि जल्द कार्रवाई होने से ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और वे बिना किसी भय के अपना व्यवसाय कर सकेंगे।

Hot Topics

Related Articles