कमलकांत पाटनवार
बिटकुला (सीपत)। बचपन की यादें और पुराने मित्रों का साथ जिंदगी के सबसे अनमोल पलों में से एक होता है। इसी यादगार पल को जीवंत करते हुए ग्राम बिटकुला में कक्षा पहली से आठवीं तक साथ पढ़ाई करने वाले बचपन के मित्रों का रतनपुर महामाया नगरी में शानदार पारिवारिक पिकनिक एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से मित्रगण अपने परिवार सहित शामिल हुए। करीब 30 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी मित्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और बचपन की पुरानी यादें ताजा हो गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी मित्रों एवं उनके परिवारों का परिचय कराया गया तथा बुके भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुरुष मित्रों को उनकी धर्मपत्नियों एवं महिला मित्रों को उनके पतियों द्वारा माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अनूठे आयोजन में सभी ने अपने बचपन के अनुभवों और यादों को सपरिवार साझा किया।
मिलन समारोह में पारिवारिक मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें कितने भाई कितने, दूध-दही, मोमबत्ती प्रतियोगिता, सुई-धागा प्रतियोगिता, माला प्रतियोगिता, हौजी एवं कुर्सी दौड़ जैसे रोचक खेल शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी परिवारों ने खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
बचपन के मित्रों का यह पहला पारिवारिक पिकनिक एवं मिलन समारोह रहा, जिसने 30 वर्षों की दूरियों को मिटाकर पुरानी मित्रता को एक बार फिर नई ऊर्जा प्रदान की। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि समय कितना भी बीत जाए, बचपन की मित्रता और उससे जुड़ी यादें हमेशा दिलों में जीवित रहती हैं।
इस यादगार कार्यक्रम में रोहित पाटनवार, शिव कुमार साहू, अखिलेश साहू, यशवंत पाटनवार, भुवनेश्वर सिदार, राजेन्द्र मरकाम, चंद्रशेखर साहू, माधुरी बैसवाड़े, नीलिमा चंद्राकर, विशेश्वरी साहू, राजकुमारी साहू सहित सभी मित्र अपने-अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन के आधार स्तंभ माधुरी बैसवाड़े, शिव कुमार साहू एवं राजेन्द्र मरकाम सहित सभी मित्रों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन शिव कुमार साहू ने किया।
यह मिलन समारोह सभी मित्रों और उनके परिवारों के लिए अविस्मरणीय यादें छोड़ गया।
















