बलौदाबाजार,कलेक्टर कुलदीप शर्मा रविवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मनोविकास केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्र में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई के दौरान उपयोग किए जा रहे विभिन्न मॉडलों और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की रुचियों को समझते हुए उनके साथ सहजता से बातचीत की। साथ ही बच्चों के अभिभावकों से केंद्र में मिल रही सुविधाओं और उपचार से बच्चों को हो रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। अभिभावकों ने बताया कि मनोविकास केंद्र बच्चों के उपचार, शिक्षा और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। केंद्र में नियमित गतिविधियों से बच्चों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। कलेक्टर ने केंद्र के एडमिन कक्ष, बच्चों के कक्ष, फिजियोथेरेपी रूम, ऑडियोमेट्री रूम और बैठक हाल का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने योगाभ्यास के साथ सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर ने उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें आगे भी इसी तरह गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि वर्तमान में मनोविकास केंद्र में करीब 40 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का दाखिला है। बच्चों की शिक्षा एवं उपचार के लिए केंद्र में तीन स्पेशल एजुकेटर, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑडियोमेट्रियलॉजिस्ट और योग प्रशिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। केंद्र का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, उपचार और प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।














